पश्चिम बंगाल सरकार ने यूसीसी मसौदे के अध्ययन के लिए नौ सदस्यीय समिति की अधिसूचित
इस भयानक अग्निकांड के कारण स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भारी आतंक देखा जा रहा है
हावड़ा। हावड़ा के शालीमार इलाके में स्थित जीआरपी थाने के पास आज भीषण आग लगने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस अग्निकांड में कई दुकानें और वहां खड़े वाहन जलकर पूरी तरह राख हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आज अचानक शालीमार जीआरपी थाने के निकटवर्ती क्षेत्र से धुआं निकलता देखा गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वहां खड़ी गाडिय़ां भी इसकी चपेट में आ गईं और देखते ही देखते मलबे में तब्दील हो गईं। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। स्थानीय लोगों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, जिसके बाद दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। इस भयानक अग्निकांड के कारण स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भारी आतंक देखा जा रहा है। घने रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्र होने के कारण लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, लेकिन बड़े पैमाने पर संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।